-बलरामपुर के तुलसीपुर में स्थित शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर ।-संवाद
बलरामपुर। शारदीय नवरात्र का पर्व नजदीक आते ही तुलसीपुर स्थित आदिशक्ति मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर और राजकीय मेले की रौनक बढ़ने लगी है। इस बार नगर पंचायत तुलसीपुर ने भक्तों के लिए खास तैयारी की है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंदिर व मेले परिसर में सफाई, रोशनी, सुरक्षा और सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
मां पाटेश्वरी मंदिर और मेले की व्यवस्था पर 25 लाख रुपये से अधिक धनराशि व्यय की जाएगी। मंदिर परिसर और मेले में जगह-जगह साइन बोर्ड व संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि, बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को दिशा व मार्गदर्शन आसानी से मिल सके। पूरे परिसर में 0रोशनी की व्यवस्था होगी।
हर पोल पर आकर्षक लाइटें जगमगाएंगी और मंदिर क्षेत्र में भव्य लाइटिंग के साथ ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाए जाएंगे, जिससे भक्तों को मां की आरती व घोषणाओं की स्पष्ट जानकारी मिल सके। अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार दुबे ने बताया कि मंदिर और मेले में टेंट, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय और बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जाएगी।
समय से पूरी हाेंगी तैयारियां
मां पाटेश्वरी धाम केवल बलरामपुर ही नहीं, बल्कि पड़ोसी जनपदों और नेपाल से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। नगर पंचायत का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा, सुरक्षित और सुखद वातावरण मिले। समय से सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, जिससे नवरात्र के दौरान भक्त निर्बाध रूप से मां के दर्शन कर सकें।
कहकशां फिरोज, अध्यक्ष नगर पंचायत तुलसीपुर