बलरामपुर। जिला सैनिक कल्याण व पुनर्वास बोर्ड के कार्यालय में मंगलवार को एक दिवसीय विधिक साक्षरता व जागरूकता शिविर का आयोजन हुआ। जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष उत्कर्ष चतुर्वेदी के निर्देश पर इस शिविर को लगाया गया। शिविर में रक्षा कर्मियों, पूर्व सैनिकों व पूर्व सैनिकों के परिवार को मुफ्त में विधिक सेवाएं प्रदान की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव व सिविल जज सीनियर डिवीजन अतुल कुमार नायक ने शिविर में मामलों की सुनवाई की। शिविर में पारिवारिक झगड़े, संपत्ति व भूमि विवाद और वित्तीय लेनदेन के 23 मामले सुलह-समझौते से निस्तारित कराए गए। उन्होंने कहा कि नालसा वीर परिवार सहायता योजना का मुख्य उद्देश्य रक्षा कर्मियों, पूर्व सैनिकों, पूर्व सैनिकों की विधवा, आश्रितों को निशुल्क और प्रभावी विधिक सेवाएं प्रदान करना है। दुर्गम इलाकों व दूर दराज के क्षेत्रों में तैनात भारतीय सैनिकों को घरेलू विधिक बोझ से मुक्त करना है।
उन्होंने बताया कि इस योजना से देश की सेवा में तैनात जवानों को अब अपने परिवारों के विधिक समस्याओं की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। यह योजना सैनिकों के घरेलू विधिक बोझ को कम करने में मदद कर रही है। घरेलू समस्याएं सैन्य कर्मियों को राष्ट्रीय कर्तव्यों से विचलित करते हैं। ऐसे मामले उनके तनाव का कारण बन सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य है कि सैनिक अपने घर पर आने वाली विधिक चुनौतियों से विचलित हुए बिना अपनी सेवा पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
शिविर में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी सेवा निवृत्त कैप्टन संजय कुमार सिंह, स्थायी लोक अदालत के सदस्य अंबिकेश्वर मिश्र, सेवानिवृत्त मेजर राम नारायण सिंह, राज कुमार यादव व जूनियर असिस्टेंट हेमंत सिंह आदि मौजूद रहे।