बलरामपुर। शारीरिक व पारिवारिक कष्ट तंत्र मंत्र से दूर करने का झांसा देकर ठगों ने सरेशाम रिटायर्ड बैंक अधिकारी को चूना लगा दिया। ठग पीड़ित की करीब 3.5 लाख रुपये की दो अंगूठी व सोने की चेन उड़ा ले गए हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम धुसाह निवासी रिटार्यड बैंक अधिकारी राम नरेश त्रिपाठी ने बताया कि 24 फरवरी की शाम वह कुछ जरूरी कागजात का फोटो स्टेट कराने बलरामपुर नगर के मोहल्ला तुलसीपार्क के निकट आए थे। इसी बीच उन्हें एक व्यक्ति मिला और बातचीत करने लगा। कुछ दूर पैदल चलने के बाद दूसरा व फिर तीसरा व्यक्ति भी आ गया।
इन लोगों ने मुझे वशीभूत कर शारीरिक व पारिवारिक कष्ट दूर करने का झांसा दिया और मेरे हाथ की दो अंगूठी व करीब पांच तोले सोने की चेन उतरवाकर कागज में रख दिया तथा उसे धागे में लपेट दिया। एक तांत्रिक ने कागज की पुड़िया अपनी जेब में रखी तथा थोड़ी देर बाद निकालकर उसे हाथ में देते हुए कहा कि इसे घर ले जाकर बताई गई विधि से अभिमंत्रित करके ही खोलना और धारण कर लेना इससे सारे कष्ट दूर हो जाएंगे।
झांसे में आकर राम नरेश घर पहुंचे और कागज की पोटली अभिमंत्रित करके खोला तो उसमें रखे जेवर गायब थे उनके स्थान पर दो छोटे-छोटे कंकड़ मिले। पीड़ित के मुताबिक अंगूठी व चेन की कुल कीमत करीब 3.5 लाख थी। प्रभारी निरीक्षक नगर कोतवाली रामाश्रय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामले की छानबीन की जा रही है। छानबीन के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।