बलरामपुर। जिले के राजकीय व निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश के लिए चतुर्थ चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राजकीय आईटीआई विशुनपुर विश्राम के प्रधानाचार्य मैथिली शरण ने बताया कि पूर्व में पंजीकृत व नवीन आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों की ग्रुपवार मेरिट सूची जारी कर दी गई है। सूची अभ्यर्थियों के लॉगिन पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी इसके आधार पर नियमानुसार प्रवेश की कार्रवाई पूरी कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि राजकीय आईटीआई में गृह जनपद व अस्थायी पते से संबंधित अभ्यर्थी सीटों पर प्रवेश के लिए पात्र होंगे। अभ्यर्थी वेबसाइट www.sevtup.in पर जाकर अपनी रैंक देख सकते हैं और उसका प्रिंट आउट लेकर 19 अगस्त से 24 अगस्त तक जनपद के नोडल राजकीय आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पहले पूर्व पंजीकृत गैर चयनित अभ्यर्थियों को सीट आवंटित की जाएगी। इसके बाद बची सीटों पर नवीन आवेदनकर्ताओं को मेरिट के आधार पर सीट आवंटित होगी।
यह प्रक्रिया 25 अगस्त तक पूर्ण की जाएगी और आवंटन सूची संस्थान के सूचना पट पर प्रदर्शित की जाएगी। प्रवेश केवल उन्हीं अभ्यर्थियों का होगा जिनके सभी प्रमाणपत्र जांच में सही पाए जाएंगे। साथ ही प्रवेशित अभ्यर्थियों का डाटा 26 अगस्त की मध्यरात्रि तक एससीवीटी पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। वहीं निजी आईटीआई के लिए पंजीकरण, आवेदन अपलोड और सत्यापन की अंतिम तिथि 30 अगस्त तय की गई है।