बलरामपुर। जिले में वृद्धा पेंशन की चौथी किस्त में देरी से हजारों लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले में कुल 38 हजार 470 लाभार्थियों को विधवा पेंशन मिलती है, लेकिन चौथी किस्त के रूप में अब तक सिर्फ 21 हजार 192 लाभार्थियों के खातों में ही राशि पहुंच सकी है। ऐसे में 17 हजार 278 लाभार्थी अभी भी पेंशन का इंतजार कर रहे हैं।
लाभार्थियों का कहना है कि समय पर पेंशन न मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मायादेवी, संतराम और इजहारून्निशा सहित कई लोगों ने बताया कि पूरे वर्ष में तीन किस्तों के रूप में नौ हजार रुपये मिल चुके हैं। चौथी और अंतिम किस्त के तीन हजार रुपये मार्च माह आने थे, लेकिन अब तक खाते में नहीं पहुंचे हैं, जिससे घरेलू खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में वृद्धा पेंशन पर ही आश्रित महिलाएं इस देरी से खासा प्रभावित हैं। कई लाभार्थियों ने प्रशासन से जल्द भुगतान कराने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके। वहीं, समाज कल्याण अधिकारी डॉ. राहुल गुप्ता ने बताया कि निदेशालय स्तर से पेंशन भुगतान की प्रक्रिया जारी है। कुछ लाभार्थियों के खातों में राशि भेजी जा चुकी है, जबकि शेष लोगों के खातों में भी जल्द ही पैसा पहुंच जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी पात्र लाभार्थियों को पेंशन अवश्य मिलेगी और किसी को वंचित नहीं रखा जाएगा।