हरैया सतघरवा। ललिया-बरदौलिया मार्ग पर मंगलवार शाम अनियंत्रित बोलेरो की चपेट में आने से चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देवपुरा गांव निवासी दिलीप कुमार सोनी का चार वर्षीय बेटा रमन सोनी मंगलवार शाम सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान ललिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर बच्चे को टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे में रमन गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के समय रमन की मां मंजू सोनी घर पर थीं, जबकि पिता मजदूरी के लिए बाहर गए थे। रमन दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई राहुल छह वर्ष का है। बेटे की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।