बलरामपुर। महिलाएं रोडवेज बसों के संचालन की कमान संभालेंगी। बलरामपुर डिपो में परिचालकों की कमी को पूरा करने के लिए चार महिलाओं की संविदा पर भर्ती की गई है। इससे महिलाओं को रोजगार मिलने के साथ ही डिपो की समस्या भी दूर होगी।
बलरामपुर डिपो में 96 बसों का बेड़ा है। इसमें 85 निगम व 11 अनुबंधित बसें शामिल हैं। डिपो में चार नियमित, 102 संविदा व 27 आउट सोर्सिंग परिचालकों की तैनाती है। डिपो में 40 परिचालकों की कमी होने से बसों के संचालन की परेशानी बढ़ गई है। परिचालकों की कमी से बलरामपुर डिपो में लोकल रूटों पर 12 से अधिक रोडवेज बसों का संचालन नियमित नहीं हो पा रहा है। इससे डिपो को रोजाना करीब एक लाख रुपये से अधिक राजस्व का नुकसान हो रहा है। गोंडा, बहराइच, उतरौला व तुलसीपुर जैसे लोकल रूटों पर बसों का संचालन कम हो गया है। इस कमी को पूरा करने के लिए बलरामपुर डिपो में संविदा परिचालकों के पदों पर महिलाओं की भर्ती की जा रही है।
जल्द दी जाएगी जिम्मेदारी
बलरामपुर डिपो में परिचालकों की कमी को पूरा करने के लिए चार महिलाओं की संविदा पर भर्ती हो गई है। महिला परिचालकों को डिपो में जल्द ही जिम्मेदारी दी जाएगी।
-गोपीनाथ दीक्षित, एआरएम