फोटो-31- तुलसीपुर के कलश चौराहे से देवीपाटन जाने वाली निर्माणाधीन सड़क। संवाद
तुलसीपुर। कलश चौराहे से देवीपाटन तक प्रस्तावित फोरलेन निर्माण परियोजना की रफ्तार न्यायालय के आदेश के बाद कुछ धीमी पड़ गई है। भूमि अधिग्रहण को लेकर कुछ भूस्वामियों के न्यायालय जाने के बाद प्रशासन अब कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रभावितों से सहमति और मुआवजे पर विशेष जोर दे रहा है। जिन भूखंडों का बैनामा प्रशासन के पक्ष में हो चुका है, वहां तक निर्माण कार्य सिमट कर रह गया है।
उप जिलाधिकारी राकेश कुमार जयंत ने बताया कि न्यायालय के आदेश का अनुपालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसी की जमीन जबरन अधिग्रहित नहीं कर सकती और प्रभावित लोगों को नियमानुसार उचित मुआवजा देने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने अपील की कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना में अनावश्यक बाधा न उत्पन्न की जाए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को न्यायालय में अपील करने का अधिकार है, लेकिन कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा। ऐसे में फिलहाल फोरलेन परियोजना की गति कुछ धीमी जरूर हुई है, लेकिन प्रशासन का दावा है कि शेष कार्य नियमानुसार जारी रहेगा।