गौरा चौराहा (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के तीन गांव क्षेत्र में पागल सियार खौफ थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को पागल सियार के हमले में चार लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैसड़ी में चल रहा है। वन विभाग को सूचना देने के बाद भी सियार की धरपकड़ न होने से ग्रामीणों में दहशत के साथ ही गुस्सा व्याप्त है।
मंगलवार की सुबह ग्राम रतनपुर निवासी धनीराम (30) अपने खेत में सरसों की फसल काट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए पागल सियार ने उन पर हमला कर दिया। शोर सुन आसपास के खेत में मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर सियार को भगाया। घायल धनीराम को इलाज के लिए सीएचसी गैसड़ी ले जाया गया। दूसरी घटना नेब्बुलडीह गांव में हुई। यहां पर सियार ने फातिमा (14) व खुर्शीद (12) को गांव के बाहर बकरी चराते समय अपना शिकार बनाया। परिजनों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी गैसड़ी पहुंचाया। तीसरी घटना झौव्वा गांव में हुई। यहां ग्रामवासी मेहबुल पर अचानक सियार ने हमला बोलकर पैर में काट लिया। उन्हें भी इलाज के लिए सीएचसी गैसड़ी ले जाया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि पागल सियार के बारे में वन विभाग को सूचना दिए जाने के बाद भी उसे पकड़ने को लेकर उदासीनता बरती जा रही है। भांभर वन क्षेत्र के रेंजर देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सियार को पकड़ने के लिए टीम को चिह्नित गांव में भेजा गया है।