बलरामपुर। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सा अधिकारी सहित चार स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। बिना सूचना के गायब मिले चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन रोकते हुए सीएमओ ने स्पष्टीकरण मांगा है।
सीएमओ सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचे। निरीक्षण के समय चिकित्साधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार सहित चार स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने अनुपस्थित मिले सभी स्वास्थ्य कर्मियों का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश अधीक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश को दिया है। निरीक्षण के दौरान जिला लेखा प्रबंधक प्रभात मौर्य, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिवेंद्र मणि त्रिपाठी व मातृ स्वास्थ्य के जिला समन्वयक विनोद त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।