बलरामपुर। नगर के नामित सभासद जयंत सिंह धर्मू के साथ गत नौ जून को पिटाई करने तथा धमकी देने के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर बीते कई दिनों से जनप्रतिनिधियों और सभासदों में नाराजगी थी।
तुलसीपार्क के नामित सभासद जयंत सिंह धर्मू ने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने आंबेडकर तिराहे के पास उन्हें घेरकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी थी। मामले में नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने मोहम्मद कैफ आलम खान उर्फ मनी, शमशेर रजा उर्फ शम्सीर रजा, मोहम्मद साहिद तथा राना वीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला उस समय और चर्चा में आ गया था जब आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नगर पालिका के सभासदों और जनप्रतिनिधियों ने नगर कोतवाली परिसर में धरना-प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान सभासदों ने हनुमान चालीसा का पाठ कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी।