बलरामपुर। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिन की जिले भर में धूम रही। बुधवार को सरकारी विभागों के साथ-साथ स्वयंसेवी संगठनों की तरफ से भी पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को धूमधाम के साथ मनाया गया। समारोह में बेहतर उत्पादन करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया। फार्म मशीनरी बैंक योजना के आठ कृषक लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाभी सौंपी र्गई। जिले के आठ ब्लॉकों पर भी धूमधाम के साथ जन्मदिन मनाया गया।
जिला पंचायत सभागार में सदर ब्लॉक के किसानों का जमावड़ा हुआ। सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू, उप कृषि निदेशक डॉ. प्रभाकर सिंह व एआर कोऑपरेटिव अशोक कुमार गुप्ता ने दीप जलाकर समारोह का विधिवत शुभारंभ कराया। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तीनों विधायक ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार चौधरी चरण सिंह के बताए रास्ते पर चलकर किसानों को अधिक से अधिक लाभ देने पर फोकस कर रही है। कार्यक्रम में कृषि विभाग के चार-चार, गन्ना व मत्स्य विभाग के दो-दो किसानों को गेहूं, गन्ने व मत्स्य उत्पादन में बेहतर लाभ अर्जित करने पर प्रथम व द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया है।
तीनों विधायक ने फार्म मशीनरी बैंक योजना के आठ लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाभी सौंपी। जिसे पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल गए। जिला पंचायत परिसर में कृषि, मत्स्य, उद्यान सहित कई विभागों के स्टॉल लगाकर आने वाले किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकी के बारे में बताया गया। जिले के आठ ब्लॉकों में दो-दो किसानों को गेहूं, गन्ना व मछली उत्पादन में बेहतर लाभ अर्जित करने पर पुरस्कृत किया गया है। कार्यक्रम के आयोजन में जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार, बीएसए कृषि सुभाष चंद्रा, जिला कृषि रक्षा अधिकारी सलीमुद्दीन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य रेवती रमण चौधरी, रेशम अधिकारी सतीश पांडेय, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी सूबेदार यादव, सोम प्रकाश गुप्ता व विकास चौधरी आदि का सराहनीय योगदान रहा।
ब्लॉकों पर भी रही कार्यक्रमों की धूम
रेहरा बाजार के कुशमहरा गांव में सपा छात्र सभा के जिला सचिव चौधरी अमरेश सिंह के नेतृत्व में चौधरी चरण सिंह का जन्मदिवस 11 किलोग्राम का केक काटकर धूमधाम से मनाया गया। सभी लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री के बताए गए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर अमन सिंह, विजय, सहजराम, लवकुश, शुभम, रमेश, सुरेंद्र, प्रदीप, सुंदर व अमित आदि मौजूद रहे। हरैया सतघरवा ब्लॉक के कार्यालय शिवपुरा में बुधवार को एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्मदिवस किसान दिवस के रूप में मनाया गया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ल, बीडीओ सागर सिंह, सहायक विकास अधिकारी कृषि बी प्रसाद, पड़ोही यादव, रवींद्र नाथ, संतोष कुमार वर्मा व कुबेर शरण वर्मा आदि मौजूद रहे। गैसड़ी, पचपेड़वा, तुलसीपुर, श्रीदत्तगंज, उतरौला व गेड़ास बुजुर्ग में भी पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिन पर कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को सम्मानित किया गया।