महराजगंज तराई (बलरामपुर)। ग्राम पंचायत गुलहरिया हिसामपुर में पानी टंकी का पाइप लाइन टूटने से घर की टोटी मे दूषित पानी आ रहा है। ग्रामीणों द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने के बाद भी टूटी पाइप लाइन की मरम्मत नहीं कराई गई। ऐसे में ग्रामीण गंदा पानी पीने को मजबूर हैं।
ग्राम प्रधान अमन वर्मा, राम कुबेर, लक्ष्मी, बाबूलाल, शिव कुमार, पप्पू, राम धीरज व नंदलाल गुप्ता आदि ने आक्रोश जताते हुए कहा कि लोगों को पानी के लिए हैंडपंप का सहारा लेना पड़ रहा है। पाइप का लीकेज ठीक कराने के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई। कई बार जल निगम कार्यालय का भी चक्कर लगाया गया, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने पाइप लाइन की मरम्मत कराए जाने की मांग जिलाधिकारी से की है। जल निगम के जेई अजीत सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत में टूटी पाइप लाइन ठीक कराने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान की है।