-बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से पहुंची रैक का निरीक्षण करते जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ
बलरामपुर। जिले के किसानों के लिए राहत की बड़ी खबर है। पहली बार ट्रेन के माध्यम से इफ्को उर्वरक की पूरी रैक बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची है। बीते सीजन में उर्वरक की कमी को लेकर किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया और जिला प्रशासन ने इस मुद्दे को गंभीरता से संज्ञान में लिया। इसके बाद जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के प्रयासों से अब जिले में सीधे ट्रेन से उर्वरक आपूर्ति की शुरुआत कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि खाद वितरण की प्रक्रिया पहले से अधिक सुगम होगी। अब ट्रक से आने में लगने वाले अतिरिक्त समय और परिवहन के झंझट से किसानों को मुक्ति मिलेगी। रेलवे स्टेशन से सीधे गोदामों और समितियों तक सप्लाई होने से बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सकेगी। प्रशासन का दावा है कि इस व्यवस्था का सीधा लाभ जिले के करीब 3.15 लाख किसानों को मिलेगा।
जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार ने बताया कि जिले में सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण किया जा चुका है। वर्तमान में यूरिया 8049.315 मीट्रिक टन, डीएपी 3072 मीट्रिक टन, एमओपी 212 मीट्रिक टन, एनपीकेएस 1460 मीट्रिक टन और एसएसपी 7525 मीट्रिक टन उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि रैक के माध्यम से आपूर्ति शुरू होने से यह स्टॉक और भी तेजी से समितियों तक पहुंच सकेगा, जिससे सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।