बलरामपुर के धर्मपुर में नमूना एकत्र करती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। होली से पहले मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले में अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। जांच के लिए नमूनों को प्रयोगशाला भेजा गया है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार शुक्ल ने बताया कि होली में लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ मुहैया कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को टीम ने धर्मपुर स्थित सुरेश डेयरी से दूध, पनीर, खोवा व घी का एक-एक नमूना एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा है। उन्होंने चेतावनी दी कि खाद्य पदार्थों में मिलावट मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस तिवारी का कहना है कि मिलावटखोरी करने वालों को चिह्नित किया गया है। हाेली में रंगीन कचरी व चिप्स आदि बनाने वालों पर नजर रखी जा रही है। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीराम मौर्य व बृजेश वर्मा आदि मौजूद रहे।