कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जानकारी देते डीएम पवन अग्रवाल। स्रोत विभ
बलरामपुर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सोमवार को डीएम पवन अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। डीएम ने चिकित्सालयों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कहा कि सभी अस्पतालों में बेड ऑक्युपेंसी बढ़ाई जाए, साफ-सफाई, शीतल पेयजल और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने सभी चिकित्सकों को निर्देश दिया कि कफ सिरप और पेन किलर दवाओं को लिखते समय केंद्र सरकार की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करें। किसी भी स्तर पर गाइडलाइन की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमित टीकाकरण, आशा भुगतान, संस्थागत प्रसव, जननी सुरक्षा योजना, पीएम सुरक्षित मातृत्व अभियान, आयुष्मान भारत, आभा आईडी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा की।
बीपीएम की संविदा समाप्त करने का निर्देश
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेहरा बाजार में स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही सामने आई। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने पीएचसी के बीपीएम शैलेंद्र कुमार यादव की संविदा समाप्त करने का निर्देश दिया है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्त, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय, बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ल, सीएमएस डॉ. शारदा रंजन, एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव व जिला मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।