तुलसीपुर (बलरामपुर)। स्थानीय नगर के विद्युत उपकेंद्र परिसर में कई दिनों से पानी भरा हुआ है। पानी भरने की अव्यवस्था से तहसील क्षेत्र के 50 गांवों की बिजली गुल है। तुलसीपुर तहसील की एक लाख आबादी बिजली गुल होने से रात अंधेरे में काट रही है। क्षेत्रवासियों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर समस्या का निराकरण कराए की मांग की है।
तुलसीपुर तहसील के नगर व ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं ने डीएम को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि विद्युत उपकेंद्र में पानी भर जाने से अक्सर बिजली काट दी जाती है जिसके चलते क्षेत्र के करीब 50 गांवों में अंधेरा छा जाता है।
विद्युत उपकेंद्र में पानी निकलने की व्यवस्था न होने से लोगों को समस्या झेलनी पड़ रही है। पिछले एक सप्ताह से हो रही भारी बारिश के चलते जलभराव की समस्या बन गई है। नगर में भी जलभराव है। विद्युत उपकेंद्र में पानी भर जाने से सप्लाई काट दी जा रही है। नगर व ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं ने डीएम से समस्या का स्थाई निराकरण कराए जाने की मांग की है।
शीघ्र समस्या का निराकरण न होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है। इस संबंध में तुलसीपुर एसडीएम विनोद सिंह ने बताया कि समस्या निराकरण के लिए जेसीबी से सड़क काटकर पानी निकाला गया है। मुख्य सड़क का निर्माण होने के चलते तुलसीपुर के बैरगीपुरवा से रुट डायवर्जन किया गया है जिससे वाहनों का आवागमन लगा रहता है। हाईवे के नाले का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद विद्युत उपकेंद्र के जलभराव की समस्या का स्थाई निराकरण कराया जाएगा।