बलरामपुर। कोरोना संक्रमण से मौत होने पर ग्राम पंचायतों की तरफ से पीड़ित परिजनों को अंतिम संस्कार आदि कराने के लिए पांच-पांच हजार रुपये की मदद मुहैया कराई जाएगी। जिले के 800 ग्राम पंचायतों के निर्वाचित प्रधानों को कोरोना संक्रमण से होने वाले मृतकों के परिजनों को धनराशि मुहैया कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ग्रामीणों को कोरोना महामारी से बचाने के लिए मास्क, साबुन व सैनिटाइजर का वितरण कराया जा रहा है। जिले के सभी नौ ब्लॉकों के एडीओ पंचायतों के निगरानी में प्रधान व ग्राम पंचायत सचिवों की तरफ से सैनिटाइजेशन व साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
डीएम श्रुति के निर्देश पर जिले के सभी नौ ब्लॉकों के 800 ग्राम पंचायतों में नवनिर्वाचित प्रधानों को कोरोना संक्रमण से मौत होने पर पीड़ित परिजनों को अंतिम संस्कार कराने के लिए पांच-पांच हजार रुपये की धनराशि देने का जिम्मा सौंपा गया है।
डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह ने सभी एडीओ पंचायतों को गांवों में सैनिटाइजेशन कराने के साथ-साथ प्रधानों व ग्राम पंचायत सचिवों के माध्यम से मास्क, सैनिटाइजर व साबुन का वितरण कराने का जिम्मेदारी सौंपी है। डीएम के निर्देश पर बीते दिन एडीओ पंचायत सदर अशोक कुमार दूबे ने कोरोना से मौत होने पर ग्राम भगवतपुर के मृतक राम गोविन्द, ग्राम रघवापुर के मृतक अशोक त्रिपाठी, ग्राम भीखपुर के मृतक अब्दुल हन्नान व ग्राम देवरांवा के मृतक इंद्रपाल व भागेलाल के परिजनों को अंतिम संस्कार कराने के लिए पांच-पांच हजार रुपये सरकारी सहायता राशि प्रदान की। एडीओ पंचायत ने सदर ब्लॉक के सभी ग्राम पंचायतों के निर्वाचित प्रधानों व सचिवों को अपने गांवों में नियमित साफ-सफाई व सैनिटाइेजेशन कराने की जिम्मेदारी सौंपी है। डीएम ने बताया कि जिले के अन्य ब्लॉकों में भी कोरोना संक्रमण से मौत होने पर पीड़ित परिजनों को अंतिम संस्कार कराने के लिए ग्राम प्रधानों व सचिवों को पांच-पांच हजार रुपये की धनराशि देने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने नगर पालिका परिषद बलरामपुर व उतरौला और नगर पंचायत तुलसीपुर व पचपेड़वा के ईओ को कोरोना संक्रमण से होने वाली मौत के मामले में पीड़ित परिजन को अंतिम संस्कार के लिए लकड़ियां आदि मुहैया कराने का निर्देश दिया है। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन के साथ साफ-सफाई अभियान भी नियमित रुप से चलाने का निर्देश जिम्मेदारों को दिया गया है।