बलरामपुर। जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। रविवार की रात व सोमवार को आई कोरोना रिपोर्ट में एक पुलिसकर्मी सहित 5 लोग पॉजिटिव पाए गए है। पॉजिटिव पाए गए लोगों को इलाज के लिए लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। सभी लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरू कर दी गई है।
जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात व सोमवार को आई कोरोना रिपोर्ट में कुल 5 लोग पॉजिटिव पाए गए है। पॉजिटिव पाए गए लोगों में तुलसीपुर थाने में एक पुलिसकर्मी तथा बलरामपुर नगर क्षेत्र के सिटी पैलेस व बड़ी इमली से एक-एक सहित कुल 5 लोग शामिल है। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों को इलाज के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय घूघुलपुर स्थित लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है।
इन लोगों के कांटेक्ट की तलाश शुरु कर दी गई है। पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए सभी लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा। जिला सूचना कार्यालय से यह भी बताया गया है कि सोमवार को विभिन्न स्थानों पर भर्ती 5 कोरोना मरीजों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव मिली है। स्वस्थ हुए इन मरीजों को 14 दिन होम क्वारंटीन रहने का निर्देश देते हुुए घर भेज दिया गया है। जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 1590 हो गई है। 1399 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके है। 25 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में एक्टिव केस 166 है।