बलरामपुर। निवेश पर अधिक लाभ का झांसा देकर साइबर ठगी का शिकार हुए एक व्यक्ति के पांच लाख रुपये पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मात्र तीन दिन में वापस मिल गए। पूरी धनराशि खाते में लौटने पर पीड़ित ने पुलिस का आभार जताया।
भगवतीगंज निवासी रवि चंद्र सोनी ने चार अगस्त को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर विभिन्न माध्यमों से उनसे कुल पांच लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। ठग करीब दो माह तक रकम लौटाने का झूठा आश्वासन देकर टालमटोल करते रहे। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकों और एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया, जिसके परिणामस्वरूप पीड़ित की शत-प्रतिशत धनराशि उसके बैंक खाते में वापस करा दी गई।
एसपी ने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराने की संभावना बढ़ सके।