पिपरहवा चौराहा। तुलसीपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़ी ग्राम पंचायत कल्याणपुर में शनिवार रात करीब 8:30 बजे ट्रांसफाॅर्मर में अचानक आग लग गई। चिंगारी उठते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा बच गया।
ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकलने लगी और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। पास की दुकान पर बैठे लोग तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर भागे। इसी बीच स्थानीय लोगों ने बिजली कर्मचारियों को फोन कर आपूर्ति बंद कराई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीण गंगाराम, इसराइल, निब्बर, लालजी और दिनेश ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने से एलटी तार कट गए, जिसके चलते करीब 50 उपभोक्ताओं की आपूर्ति रातभर बाधित रही। अचानक बिजली गुल होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अवर अभियंता दयाराम ने बताया कि बिजली कर्मियों को भेजकर ट्रांसफार्मर की मरम्मत कराई जा रही है। बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल कर दी जाएगी। (संवाद)