बलरामपुर। फर्जी शैक्षिक अभिलेख व परिवार रजिस्टर की नकल तैयार कर एक महिला ने अपने पुत्र का नाम दूसरे परिवार के युवक के स्थान पर दर्ज करा दिया। एसआईआर के दौरान अभिलेख देखने के बाद परिवार को इसका जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मामले में पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला थाना तुलसीपुर क्षेत्र के ग्राम मनकौरा काशीराम का है।
गांव निवासी अख्तुन्निशा ने गांव के ही निवासी खेलोन्निशा व मुस्तकीम (22) पर जालसाजी का आरोप लगाया। बताया कि मां-बेटे ने उनके परिवार से जुड़े दस्तावेज में कूटरचना कर उनके पुत्र मुबारक अली के स्थान पर मुस्तकीम का नाम दर्ज करा दिया। कहा कि आरोपियों ने वर्ष 2008-09 की फर्जी मार्कशीट तथा ग्राम पंचायत स्तर से परिवार रजिस्टर की नकल तैयार कराकर विभिन्न कार्यालयों में प्रस्तुत की, जिससे आधिकारिक अभिलेखों में नाम व पारिवारिक विवरण बदला गया।
बताया कि पहले स्कूल की अंकतालिका (मार्कशीट) का कूटरचित प्रतिरूप तैयार कराया गया, फिर उसी के आधार पर ग्राम पंचायत से परिवार रजिस्टर की नकल निकलवाई गई। इन दोनों दस्तावेज को सरकारी कार्यों में संलग्न कर नाम और संबंधों में बदलाव दर्शाया गया। आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में स्थानीय स्तर पर मिलीभगत कर अभिलेखों की नकल को वैध दर्शाने का प्रयास किया गया।
प्रभारी निरीक्षक ओम प्रकाश चौहान के मुताबिक स्कूल रिकॉर्ड, परिवार रजिस्टर की प्रतियां, आवेदन पत्र और अन्य संबंधित अभिलेखों को साक्ष्य के तौर पर एकत्र किया जा रहा है। दस्तावेज की सत्यता की पुष्टि के लिए शिक्षा विभाग व ग्राम पंचायत से भी रिपोर्ट मांगी गई है। बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।