बलरामपुर। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने का मामला सामने आया है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ की रिपोर्ट की सादुल्लाहनगर पुलिस ने जांच की। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि उपनिरीक्षक महेंद्र यादव की तहरीर पर आरोपी मोहम्मद नजीर/वजीर अहमद निवासी ग्राम नेवादा थाना सादुल्लानगर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
बताया कि आरोपी ने वर्ष 1999 में पहला पासपोर्ट मोहम्मद नजीर के नाम से बनवाया था, जिसमें जन्मतिथि 15 अगस्त 1976 अंकित थी तथा पिता का नाम फैयाज अहमद और माता का नाम अज्ञात दर्ज था। इसके बाद वर्ष 2015 में दोबारा पासपोर्ट बनवाते समय उसने अपना विवरण बदल दिया। दूसरे पासपोर्ट में अपना नाम वजीर अहमद दर्शाया तथा जन्मतिथि 05 अप्रैल 1980 दर्ज की। पिता, माता व पत्नी के नाम में भी परिवर्तन किया गया।
जांच में यह भी पाया गया कि दूसरे आवेदन के साथ लगाए गए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र व अन्य अभिलेखों में संशोधित व्यक्तिगत विवरण दर्शाया गया। आरोपी ने पहले पासपोर्ट के बाद अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेज में भी बदलाव कराए। नाम की स्पेलिंग, जन्मतिथि तथा पारिवारिक विवरण बदलकर नए पहचान पत्र तैयार कराए गए और उन्हीं परिवर्तित दस्तावेज को आधार बनाकर दूसरे पासपोर्ट के लिए आवेदन किया।
दोनों पासपोर्ट नंबर, जारी तिथि और व्यक्तिगत सूचनाओं में अंतर मिलने पर पासपोर्ट कार्यालय ने इसे डुअल/मल्टीपल पासपोर्ट का मामला मानते हुए पुलिस को रिपोर्ट भेजी। जांच अधिकारी के अनुसार दोनों पासपोर्ट की आवेदन प्रतियां, सत्यापन रिपोर्ट, पहचान पत्रों की प्रतियां व कार्यालयीय अभिलेख साक्ष्य के रूप में संकलित किए जा रहे हैं। यह भी जांच हो रही है कि दस्तावेज में बदलाव स्वयं आरोपी ने किया या किसी एजेंट/मध्यस्थ की भूमिका रही। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों की निगरानी में जांच हो रही है।