बलरामपुर। गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के रोवारी के मजरा लखाही गांव में वर्तमान व पूर्व प्रधान के बीच चुनावी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई। दोनों के पक्षों के 28 लोग घटना में घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी नंदनगर में भर्ती कराया गया। दो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेजा गया।
जिला अस्पताल से बहराइच रेफर कर दिया गया। एक को बहराइच से लखनऊ भेजा गया जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरे की बहराइच में ही इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने वर्तमान व पूर्व प्रधान सहित 13 लोगों गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर 60 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक थाना गौरा चौराहा चंद्रेश कुमार ने शनिवार को बताया कि ईद के दिन वर्तमान प्रधान अतीकुर्रहमान के लोग गांव के ही असगर के यहां सेवईं देने गए थे। मौके पर मौजूद पूर्व प्रधान अनवर के बीच चुनाव की रंजिश को लेकर विवाद हो गया।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट करने लगे। घटना में वर्तमान प्रधान के समर्थक मोहम्मद अफजल व खूंटी को गंभीर चोटें आई और 26 अन्य लोग मामूली रुप से घायल हो गए। सभी को सीएचसी नंदनगर में भर्ती कराया गया। सोनू व खूंटी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बाकी 26 लोगों को उपचार के बाद सीएचसी के डॉक्टर ने घर भेज दिया। जिला अस्पताल से सोनू व खूंटी को बहराइच के लिए रेफर किया गया। बहराइच के डॉक्टर ने सोनू को लखनऊ रेफर कर दिया।
लखनऊ में इलाज के दौरान सोनू की रात में मौत हो गई है। खूंटी की बहराइच में इलाज के दौरान मौत हो गई है शव के आने का इंतजार किया जा रहा है। शव मिलने पर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
पूर्व प्रधान अनवर व वर्तमान प्रधान अतीकुर्रहमान समेत दोनों पक्षों के 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना थाने के सब इंस्पेक्टर भूपेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पूर्व प्रधान की तहरीर पर 42 और वर्तमान प्रधान की तहरीर पर 18 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
डीएम श्रुति व एसपी हेमंत कुटियाल के निर्देश पर सदर एसडीएम अरुण कुमार गौड़ व सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया सीओ सिटी ने बताया कि बताया कि मौके पर तैनात फोर्स कड़े निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में फोर्स तैनात होने के बावजूद दोनों पक्षों के बीच बवाल होता रहा। मौके पर पहुंचे सीओ व एसडीएम से ग्रामीणों ने मामले की सूचना दी। एसडीएम ने फोर्स को सख्ती बरतने का निर्देश दिया है।