रेहरा बाजार (बलरामपुर)। दो पक्षों के विवाद में जमकर मारपीट हुई। घटना में पांच लोग जख्मी हो गए। हालत गंभीर होने पर पांचों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक थाना रेहरा बाजार पारस प्रसाद ने शनिवार को बताया कि देवारीखेरा के मजरा कुर्मीडीह निवासी माता प्रसाद की तहरीर पर विपक्षी कृपाराम, राम आशीष, राम अनुज, दीपक निवासी देवारीखेरा और घोघरा निवासी पारस प्रसाद व मंशाराम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कृपाराम की तहरीर पर दूसरे पक्ष के माता प्रसाद, ज्वाला प्रसाद, बच्चाराम व ओंकार के खिलाफ मारपीट करने का केस दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
पीएचसी रेहरा बाजार के डॉ. सीपी गौतम ने बताया कि ज्वाला प्रसाद, रामबरन, ममता, माता प्रसाद व कृपाराम की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की छानबीन कराई जा रही है।