बलरामपुर। जिला महिला अस्पताल में सोमवार शाम इन्क्रीमेंट से जुड़े विवाद के बीच अकाउंटेंट की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि संविदा स्टाफ नर्स के पति ने कार्यालय में घुसकर अकाउंटेंट राज कुमार गुप्ता के साथ मारपीट की, जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार जिला महिला अस्पताल में राज कुमार गुप्ता बतौर अकाउंटेंट तैनात हैं। वहींए आरती पांडेय संविदा स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि इन्क्रीमेंट को लेकर कुछ दिन पूर्व आरती पांडेय और सीएमएस डॉ. सुमन दत्त गौतम के बीच विवाद हुआ था। मामला सुलझ न पाने पर सोमवार शाम आरती के पति सुनील पांडेय अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि कार्यालय में पहुंचकर उन्होंने अकाउंटेंट राज कुमार गुप्ता से कहासुनी के बाद पिटाई कर दी।
पिटाई में राज कुमार गुप्ता का हाथ टूट गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं। अस्पताल कर्मियों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए भर्ती कराया। राज कुमार गुप्त अचलापुर वार्ड के निवासी हैं, जबकि आरोपित सुनील पांडेय जनपद गोंडा का रहने वाला है। मौके से सुनील भाग गया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।