बलरामपुर। हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र के महादेव बांकी गांव में शनिवार की शाम प्रेम प्रसंग के चलते बेटे के आत्महत्या करने के बाद पिता ने भी फिनायल कीटनाशक पी कर जान देने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस ने पिता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया गया। हरैया थाना क्षेत्र का महादेव बांकी निवासी राकेश पत्नी के मायके जाने के बाद पांच दिन पूर्व अपनी प्रेमिका को घर ले आया था।
प्रेमिका के परिजनों की तहरीर पर ललिया थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी मथुरा बाजार की पुलिस ने राकेश को पूछताछ के लिए शुक्रवार को हिरासत में लिया। शनिवार दोपहर उसे पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। घर पहुंचते ही उसने गांव के दक्षिण तरफ आम के बाग में फांसी लगाकर जान दे दी। मौके पर पहुंची हरैया थाने की पुलिस शव को पेड़ से नीचे उतार कर मामले की छानबीन कर रही थी कि इसी बीच राकेश के पिता अंगनू ने कीटनाशक फिनायल पी लिया। अंगनू का आरोप था कि उसके बेटे ने पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की है। पुलिस अंगनू को पहले निजी नर्सिंग होम उसके बाद सीएचसी शिवपुरा ले गई। डॉ. रजत शुक्ल ने बताया कि पुलिस अंगनू को लेकर आई थी। हालत ठीक होने पर पुलिस उसे घर ले गई। थाना प्रभारी हरैया कलाधर दूबे ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।