बलरामपुर के रेहरा बाजार में घटना स्थल पर जुटी लोगों की भीड़ ।
रेहरा बाजार। उतरौला-मनकापुर मार्ग पर रेहरा बजार स्थित इंडियन बैंक के पास बुधवार दोपहर करीब दो बजे हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंफर ने पहले बाइक फिर ई रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में बेटी के रिश्ते के लिए जा रहे श्रीदत्तगंज क्षेत्र के ग्राम गोमड़ी के मजरे बख्तारपुरा निवासी रक्षाराम यादव (50) की मौत हो गई। बाइक पर बैठे गौरा चौराहा क्षेत्र के ग्राम बिजौरा निवासी अमरनाथ घायल हो गए। ई रिक्शा पर बैठी महिला ग्राम सरायखास निवासी शोभावती भी घायल हो गई हैं।
गौरा चौराहा क्षेत्र के ग्राम बिजौरा निवासी अमरनाथ ने बताया कि रक्षाराम यादव बुधवार दोपहर करीब दो बजे बाइक पर बैठाकर रेहरा बाजार में अपनी बेटी की शादी के लिए रिश्ता ढूढ़ने जा रहे थे। तभी उतरौला-मनकापुर मार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। रक्षाराम हेलमेट पहने थे। सड़क हादसे में रक्षाराम की मौके पर ही मौत हो गई।
अमरनाथ को चोट लग गई। चालक डंफर लेकर भाग गया। करीब तीन किलोमीटर आगे ग्वालियर ग्रिंट गांव के पास उतरौला-मनकापुर मार्ग पर डंफर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। सड़क हादसे में ई रिक्शा पर बैठी रेहरा बाजार क्षेत्र की सरायखास निवासी शोभावती घायल हो गई। अमरनाथ व शोभावती का रेहरा बाजार के सीएचसी में इलाज कराया गया। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
बच्चों के सिर से छिन गया पिता का साया
श्रीदत्तगंज। ग्राम गोमड़ी के मजरे बख्तारपुरा निवासी रक्षाराम यादव अपने पीछे पत्नी कमला देवी के साथ एक बेटे व चार बेटियों को छोड़ गए हैं। पत्नी कमला देवी ने रोते-बिलखते हुए बताया कि बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया है। पति ने सबसे बड़े बेटे रविशंकर (26) को स्नातक कराया था। बेटा रोजगार की तलाश में 10 दिन पहले सूरत गया था।
बेटी पुष्पा यादव व उषा यादव को शशिभूषण शरण सिंह डिग्री कॉलेज उज्जैनी कला गोंडा में पढ़ा रहे हैं। दोनों बेटियां बीए पांचवें सेमेस्टर की पढ़ाई कर रही हैं। नेहा यादव व अंशिका यादव डॉ. भीमराव आंबेडकर इंटर कॉलेज गोमड़ी में कक्षा नौ में पढ़ रही है। बड़ी बेटी पुष्पा की शादी करने की तैयारी कर रहे थे। हादसे ने उनके सपनों पर पानी फेर दिया है। पत्नी के साथ बेटियों का भी रो-रोकर हाल बेहाल है। गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढाढ़स बंधा रहे हैं।