महराजगंज तराई (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के अमरहवा गांव में मानसिक रूप से कमजोर महिला को संरक्षण देने से नाराज महिला के परिवारीजनों ने पड़ोसी युवक की हत्या कर दी। मृतक के भाई की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक महराजगंज तराई राजित राम ने बताया कि अमरहवा गांव में शनिवार रात करीब 9 बजे हरिराम की पत्नी गीता ने पति व परिजनों से झगड़ा कर लिया। गीता मानसिक रूप से कमजोर है। झगड़ा करने के बाद गीता पड़ोस में रहने वाले रक्षाराम के घर में जाकर बैठ गई।
रात करीब 9.30 बजे हरिराम, भाई मुन्नालाल, मंशाराम व सुरेश पड़ोसी रक्षाराम के घर पहुंच गए। इन लोगों ने गीता के रक्षाराम के घर में होने की नाराजगी जताई और झगड़ा करने लगे। इसी बीच रक्षाराम के भाई अमरेन्द्र-45 भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हरिराम तथा उनके परिजनों को अभद्रता करने से रोका।
इसी बात से नाराज हरिराम के परिजनों ने अमरेन्द्र पर हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए बाहर ले गए। अमरेन्द्र बेहोश हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए तुलसीपुर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए।
अस्पताल के डाक्टर वसीम ने अमरेन्द्र को सीएचसी तुलसीपुर ले जाने को कहा। सीएचसी में परीक्षण के बाद डाक्टर ने अमरेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के भाई विमला प्रसाद की तहरीर पर हरीराम, मंशाराम, मुन्नालाल व सुरेश के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।