-बलरामपुर के बनकटवा में लगा मेला।-संवाद
हरैया सतघरवा। भारत-नेपाल सीमा के पास बनकटवा में बाबा प्रभु नाथ का दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए बलरामपुर राज परिवार की तरफ से मेला का आयोजन किया गया। मेला विशेष रूप से उन भारतीय नागरिकों और श्रद्धालुओं के लिए लाभदायक है, जो नेपाल के स्वर्गद्वारी स्थित बाबा प्रभु नाथ का दर्शन कर खंगरा नाका के रास्ते लौटते हैं।
श्रद्धालु पतिराम, राहुल कुमार, अजय कुमार, कलावती और कमला देवी ने बताया कि दर्शन के बाद कई पहाड़ चढ़ने पड़ते हैं, जिससे प्रसाद और अन्य सामग्री लाने में कठिनाई होती है। बनकटवा मेला प्रतिवर्ष आयोजित होने के कारण सामान आसानी से घर तक पहुंच जाता है। देवीपाटन से आए दुकानदार अशोक कुमार, राजन और राम लौटन ने बताया कि उनका कपड़े की दुकान है और बिक्री अच्छी होती है, लेकिन रात में सुरक्षा का इंतजाम न होने के कारण डर लगता है। वहीं, दीपक कुमार ने बताया कि उनका फल और मिठाई का व्यवसाय है। मेले में अच्छी खासी कमाई हो रही है।