बलरामपुर के परिषदीय विद्यालय में अखबार पढ़ते विद्यार्थी ।
बलरामपुर। जिले के 1814 परिषदीय विद्यालयों में अब बच्चों को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ाने में लापरवाही नहीं चलेगी। बीएसए विकास चंद्र श्रीवास्तव ने इसके लिए कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को व्यवस्था को लागू कराने के निर्देश दिए हैं। प्रधानाध्ययापक समाचार पत्र से जुड़े लोगों से संपर्क करके अखबार की उपलब्धता कराएंगे।
बीएसए ने जारी पत्र में बताया है कि अपर मुख्य सचिव के निर्देश तथा बेसिक शिक्षा निदेशक के आदेश के अनुपालन में जिले के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को नियमित रूप से पुस्तकें और समाचार पत्र पढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। समाचार पत्रों के अध्ययन से बच्चों को देश-दुनिया की समसामयिक घटनाओं की जानकारी मिलेगी। निर्देशों के अनुसार विद्यालयों में उपलब्ध समाचार पत्रों के महत्वपूर्ण समाचारों पर प्रार्थना सभा अथवा कक्षा में चर्चा भी कराई जाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को स्वतंत्र रूप से अपने विचार लिखने और समाचारों का विश्लेषण करने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे उनमें तार्किक सोच और रचनात्मक लेखन का विकास हो सके। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से कहा है कि वे अपने विकासखंड के सभी विद्यालयों में इन निर्देशों का प्रभावी ढंग से अनुपालन कराएं। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।