फोटो-25-बलरामपुर के सीएचसी तुलसीपुर का निरीक्षण करती राज्य महिला आयोग की सदस्य ।-संवाद
तुलसीपुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य जनक नंदिनी बृहस्पतिवार को जिले के भ्रमण पर पहुंची। आयोग की सदस्य ने तुलसीपुर सीएचसी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। अस्पताल परिसर में जलभराव व गंदगी देखकर भड़क गईं। तुलसीपुर तहसील सभागार में महिलाओं की समस्या भी सुनीं।
महिला आयोग की सदस्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। अस्पताल के लैब, ओपीडी, ओटी, लेबर रूम, वार्ड व औषधालय में उपलब्ध संसाधनों का ब्योरा लिया। डॉ. सौम्या नायक से सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। वह अस्पताल परिसर में बारिश का पानी भरा देखकर भड़क गईं। परिसर की साफ-सफाई व बेहतर व्यवस्था कराने के लिए ईओ व एसडीएम को पत्र लिखने की बात कही। कहा कि सभी चिकित्सक समय से ओपीडी में बैठे। गर्भवती व अन्य महिला मरीजों का इलाज प्राथमिकता के साथ किया जाए। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा महिलाओं को न मिलने पर भी नाराजगी जताई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि ऑपरेटर न होने के कारण मशीन का संचालन बंद है। इसके बाद उन्होंने तहसील सभागार में पीड़ित महिलाओं की समस्या सुनीं। जन सुनवाई में छह प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इसमें पारिवारिक विवाद, पेंशन और आवास न मिलने से संबंधित दो-दो प्रार्थना पत्र आए थे। आयोग की सदस्य ने पीड़ित महिलाओं को प्राथमिकता के साथ न्याय दिलाने का निर्देश दिया। तहसील सभागार में आयोग की सदस्य ने दो गर्भवती के गोदभराई व दो बच्चों के अन्नप्राशन की रस्म अदा की। इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां भी जलभराव देखकर नाराजगी जताई। इस अवसर पर सीओ ज्योतिश्री व महिला थानाध्यक्ष पूनम यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
बेहतर सुविधाएं देने का निर्देश
महिला आयोग की सदस्य ने सदर ब्लॉक के आबर स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया। वृद्धाश्रम में 150 वृद्ध जनों की क्षमता है। इसके सापेक्ष यहां पर 112 बुजुर्गों का पंजीकरण है और 96 वृद्ध रह रहे हैं। आयोग की सदस्य ने विभाग की तरफ से वृद्ध जनों को बेहतर सुविधाएं देने की बात कही। कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर लगाकर वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराया जाए, ताकि गंभीर स्थिति में कोई परेशानी न होने पाए।