पुलिस को क्षेत्र के गुगौली कला गांव निवासी अजमेर के घर में विस्फोटक सामग्री छिपाए जाने की सूचना मिली थी। इसपर एसएसबी, पुलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। मकान के अंदर रखे एक डिब्बे में संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ मिला, जिसका वजन लगभग एक किलो बताया जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि बरामद सामग्री को सील कर जांच के लिए फोरेंसिक टीम को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में इसे बारूद बताया जा रहा है। ग्रामीणों से पूछताछ के साथ क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।
हिरासत में अजमेर, पुलिस ने शुरू की पूछताछ
विस्फोटक बरामद होने के साथ ही पुलिस ने मकान मालिक अजमेर को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि बिना लाइसेंस के ही विस्फोटक सामग्री रखने को लेकर पुलिस गंभीर है। सूत्रों के मुताबिक बरामद सामग्री का इस्तेमाल जंगली जानवरों के शिकार में किया जाता था। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस सामग्री का कोई नेटवर्क सीमापार नेपाल तक तो नहीं फैला है। मौके पर पहुंची एसएसबी ने आसपास के जंगलों और घरों की भी तलाशी ली।
दो वर्ष पहले गांव में हो चुका है विस्फोट
दो वर्ष पहले गुगौली गांव के नई बाजार में एक शौचालय में बड़ी मात्रा में विस्फोटक रखा गया था। 8 जुलाई 2023 में विस्फोट हो गया। घटना में कोई चोटिल नहीं हुआ था। विस्फोटक रखने के आरोप में आरिफ उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया गया था। उसी समय से गांव संवेदनशील माना जा रहा है।
दिल्ली धमाके को लेकर नेपाल सीमा पर बढ़ी निगरानी
बलरामपुर।
दिल्ली धमाके के बाद जिले से लगती नेपाल सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है। नेपाल जाने वाले पक्के रास्तों के साथ सोहेलवा जंगल से निकली पगडंडियों पर भी जांच बढ़ा दी गई है। एसपी विकास कुमार के अनुसार भारत-नेपाल सीमा से 15 किलोमीटर के दायरे में आने वाले 90 गांवों में जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।
एएसपी विशाल पांडेय ने बताया कि बृहस्पतिवार को जनपद के शहर व गांवों में रेलवे व बस स्टेशनों पर एसएसबी 9वीं व 50वीं वाहिनी के जवानों के साथ पीएसी व पुलिस की संयुक्त टीम से सघन जांच की। थानाध्यक्ष गैसड़ी दुर्विजय के नेतृत्व में एसएसबी, पीएसी व पुलिस की संयुक्त टीमों ने रजडेरवा के पास नेपाल सीमा पर पैदल गश्त की। नेपाल सीमा से सटे चंदनपुर गांव में पहुंचकर लोगों को जागरूक भी किया।
नेपाल सीमा से सटे संवेदनशील बाजार कोयलाबास, बालापुर, जरवा, पचपेड़वा व गैसड़ी में एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीमों ने पैदल गश्त करके आने-जाने वालों की जांच की। रेलवे स्टेशन बलरामपुर व झारखंडी के साथ कौवापुर, तुलसीपुर, गैसड़ी व पचपेड़वा में भी जांच की गई।