बलरामपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते डीएम डॉ. महेंद्र कुमार।
बलरामपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की। नियमित टीकाकरण में गिरावट पर नाराजगी जताते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गैसड़ी व गैंड़ास बुजुर्ग का स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही नियमित टीकाकरण में खराब प्रगति वाली आशा व एएनएम के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में डीएम ने नए उपकेंद्र के निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता, पीएम सुरक्षित मातृत्व अभियान, नियमित टीकाकरण, एसएनसीयू, परिवार नियोजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम आदि योजनाओं की समीक्षा की। कहा की जिन उपकेंद्र पर भूमि विवाद है, एसडीएम से मिलकर निस्तारण कराएं।
आयुष्मान भारत योजना में शतप्रतिशत पात्रों का गोल्डन कार्ड बनाए जाने में प्रगति लाए जाने का निर्देश दिया। क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम में टीबी मरीजों को मिलने वाली आर्थिक सहायता में कार्य प्रगति पर जिला क्षय रोग अधिकारी को फटकार लगाई। वीएचएसएनडी सत्र में गर्भवती की जांच के लिए सभी आवश्यक किट उपलब्ध हों, इसके लिए एएनएम व आशा को किट बैग उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ संजीव कुमार मौर्य, सीएमओ डॉ. सुशील कुमार, एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह, बीएसए कल्पना देवी, जिला कार्यक्रम अधिकारी निहारिका विश्वकर्मा आदि मौजूद थे।