बलरामपुर। कोरोना महामारी के चेन को तोड़ने की कवायद जारी है। गांवों में कोरोना महामारी का प्रकोप काफी बढ़ गया है जिस पर अंकुश पाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। गांवों में अभियान चलाकर मास्क व साबुन मुफ्त में बांटा जा रहा है। साथ ही कंटेनमेंट जोन वाले गांवों में अभियान चलाकर सैनिटाइजेशन भी कराया जा रहा है।
एडीओ पंचायत सदर अशोक कुमार दूबे ने बताया कि ग्राम पंचायत जमुनी में प्रधान श्यामू जायसवाल व ग्राम पंचायत सचिव विजय कुमार सोनकर के साथ रविवार को पहुंचे। ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें कोरोना महामारी से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।
एडीओ पंचायत ने ग्रामीणों से बताया कि कोरोना महामारी का चेन तोडने में मास्क व साबुन का अहम रोल है। गांव के सभी लोग मास्क का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साबुन से बार-बार हाथ धोते रहें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।
सरकार, प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी गाइडलाइन का पालन करके कोरोना महामारी को हराया जा सकता है। एडीओ पंचायत ने ग्रामीणों को निशुल्क मास्क व साबुन देने के लिए प्रधान को मुहैया कराया और सभी लोगों को वितरित कराने की जिम्मेदारी सौंपी। ग्राम प्रधान को सैनिटाइजर, थर्मामीटर व प्लस ऑक्सीमीटर भी मुहैया कराया गया जिससे गांव में ही ग्रामीणों की बीमारी के बारे में जानकारी ली जा सके।