तुलसीपुर (बलरामपुर)। दोपहर करीब 12 बजे तुलसीपुर तहसील सभागार में डीएम पवन अग्रवाल व एसपी विकास कुमार जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में गलत बिजली बिल के मामले आए। रजवापुर के मजरा कंदैला निवासी मंगल प्रसाद आदि ने 75000-75000 रुपये बिल आने की शिकायत की। तीनों तहसीलों में 132 पीड़ितों ने प्रार्थनापत्र दिया, जिसमें सिर्फ 12 का ही निस्तारण हो सका।
पीड़ितों ने कहा कि हमारे घर में एसी, फ्रिज व आदि सामान नहीं है। घर में आठ-आठ वॉट के बल्ब व एक दो पंखे लगे हैं। फिर भी भारी भरकम बिजली बिल भेज दिया गया है। डीएम ने एक्सईएन से सवाल किया, देखिये इन लोगों को क्या 75 हजार की बिजली खर्च की होगी। नाराजगी जताते हुए एक्सईएन पावर कारपोरेशन तुलसीपुर आरएस मौर्य को जांच करके मामले का निस्तारण कराने का निर्देश दिया।
पूरनपुर निवासी शिव कुमार ने मछली पालन वाले तालाब पानी भरवाने की मांग की। दिलीप कुमार ने नगर में कराए जा रहे नाली निर्माण की जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में 48 पीड़ितों ने प्रार्थनापत्र दिया, जिसमें सिर्फ चार का निस्तारण हो सका। डीएम ने बाकी बचे प्रार्थनापत्रों का निस्तारण कराने के लिए पुलिस व राजस्व की टीम को मौके पर जाने का निर्देश दिया। एसडीएम अभय सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
नाम सही कराकर दी निशुल्क खतौनी
उतरौला (बलरामपुर)। संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम अवधेश कुमार तथा एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने पीड़ितों की शिकायतें सुनीं। अगया बुजुर्ग की हुमेरा खातून ने खतौनी में नाम गलत दर्ज होने का प्रार्थनापत्र दिया। एसडीएम ने नाम सही कराकर निशुल्क खतौनी दी। एएसपी ने नो हेलमेट, नो पेट्रोल का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। कुल 36 पीड़ितों ने प्रार्थनापत्र दिया, जिसमें दो का निस्तारण हुआ। बाकी बचे 34 प्रार्थनापत्रों का मौके पर जाकर निस्तारण कराने का निर्देश दिया गया।
सदर तहसील में चार मामले निस्तारित
बलरामपुर। सदर तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई करते हुए एसडीएम संजीव कुमार यादव ने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों का निस्तारण कराने में कोई कोताही न बरतें, जिससे उन्हें बार-बार न दौड़ना पड़े। यहां 48 प्रार्थनापत्र आए, जिसमें चार का निस्तारण हुआ।