बलरामपुर। कंटेनमेंट जोन में जरूरी सेवाओं को छोड़ अन्य पर पूरी तरह से रोक रहेगी। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के सभी कंटेनमेंट जोन का नियमित सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। डीएम श्रुति व एसपी हेमंत कुटियाल के निर्देश पर बुधवार को तीनों तहसीलों के एसडीएम व सीओ ने कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण कर जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
उतरौला एसडीएम डॉ. नागेंद्र नाथ यादव व सीओ आरआर सिंह ने नगर क्षेत्र में भ्रमण कर कोरोना कर्फ्यू का अनुपालन सुनिश्चित कराया। लोगों को मॉस्क का प्रयोग करने और सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करने के लिए जागरूक किया।
एसडीएम व सीओ ने एसबीआई शाखा में पहुंचकर कोरोना प्रोटोकॉल के अनुपालन का जायजा लिया और शाखा प्रबंधक को बैंक में कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
बिना मास्क लगाए किसी को भी बैंक में न आने दें। एसडीएम व सीओ ने कंटेनमेंट जोन का भी निरीक्षण किया। कंटेनमेंट जोन में आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य क्रियाकलापों पर रोक लगाए जाने और नियमित सैनिटाइजेशन कराने का निर्देश दिया।
सदर एसडीएम अरुण कुमार गौड़ व सीओ सिटी वरुण कुमार मिश्र ने भी कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। तुलसीपुर एसडीएम विनोद कुमार सिंह व सीओ उदयराज सिंह ने भी कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण कर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इस दौरान तीनों तहसील के एसडीएम व सीओ ने बैंकों का भी निरीक्षण कर लोगों को कोविड प्रोटोकॉल के प्रति जागरूक किया।