बलरामपुर के कंपोजिट विद्यालय सिंघवापुर में पढ़ाई करते विद्यार्थी।
बलरामपुर। परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को पहली बार ऑनलाइन परीक्षा परिणाम मिलेगा। इसकी तैयारी विभाग ने तेज कर दी है, विद्यार्थियों का डाटा प्रेरणा पोर्टल पर दुरुस्त किया जा रहा है। वार्षिक परीक्षा 24 मार्च से शुरू होगी, इसके लिए विद्यालयों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही वार्षिकोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों की परीक्षा में शत प्रतिशत उपस्थिति के लिए जागरूक किया जा रहा है।
परिषदीय विद्यार्थियों के वार्षिक परीक्षा का रिपोर्ट कार्ड अब 29 मार्च को नहीं अप्रैल के पहले सप्ताह में मिलेगा। पांच दिनों की वार्षिक परीक्षा की समाप्ति 28 मार्च को होगी, इसके बाद परीक्षा परिणाम ऑनलाइन किया जाएगा। प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन मार्कशीट पर नंबर भरा जाएगा, फिर प्रिंटआउट निकाल कर बच्चों को दिया जाएगा। जिले के 1,809 परिषदीय विद्यालयों में दो लाख 18 हजार विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम प्रेरणा पोर्टल पर अपडेट होना है।
इस बार स्थानांतरण प्रमाणपत्र यानि टीसी भी ऑनलाइन होगी। इससे टीसी के सत्यापन में दिक्कत दूर रहेगी। परिषदीय विद्यालयों में कक्षा पांच व आठ की पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों की टीसी जारी होती है। फर्जीवाड़े को रोकने के लिए टीसी ऑनलाइन ही जारी होगी और इसकी पूरी जानकारी यू-डायस पोर्टल पर भी मिलेगी।
तय है वार्षिक परीक्षा और मूल्यांकन कार्यक्रम
परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा 24 मार्च को शुरू होकर 28 मार्च को समाप्त हो जाएगी। मुल्यांकन का कार्य परीक्षा के साथ-साथ होगा। वार्षिक परीक्षा के लिए जनपद स्तर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से मॉडल प्रश्नपत्र तैयार किए जाने के लिए प्रवक्ताओं की समिति बनाई गई है। प्रश्नपत्रों की छपाई कराकर 22 मार्च तक संबंधित ब्लॉक के बीईओ के माध्यम से विद्यालयों में भेज दिए जाएंगे।
परीक्षा की तैयारियां शुरू
परिषदीय विद्यालयों की परीक्षा कड़ी निगरानी में होगी। 101 न्याय पंचायतवार नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे। इस बार परिणाम ऑनलाइन किए जाएंगे।
- शुभम शुक्ल, बेसिक शिक्षा अधिकारी