बलरामपुर के सादुल्लाहनगर थाने में फरियाद सुनते प्रभारी निरीक्षक ।
बलरामपुर। जिले के सभी 16 थानों में शनिवार को थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें 22 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश मामले जमीन विवाद और राजस्व अभिलेखों से जुड़े रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित कर्मचारियों को निस्तारण के निर्देश दिए। एसपी ने समय से शिकायतें निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उतरौला कोतवाली में अवधेश राज सिंह ने शिकायतें सुनीं। यहां पप्पू ने जमीन विवाद की समस्या रखी। नगर कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा और देहात कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। सादुल्लाहनगर थाने में थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार वर्मा ने शिकायतें सुनीं। यहां राजस्व से जुड़े नौ मामले सामने आए। सभी प्रार्थना पत्र संबंधित लेखपालों को सौंपकर मौके पर जांच के निर्देश दिए गए।
एसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं। जमीन विवादों में मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।