बलरामपुर। प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों की प्रगति के साथ कानून व्यवस्था का भी हाल जाना। 41 हजार गरीबों के पक्के मकानों का समय से निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान योजना, देवीपाटन धाम तुलसीपुर में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण, संयुक्त जिला चिकित्सालय में 100 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, 5वें व 15वें राज्य वित्त आयोग की धनराशि खर्च, वीबी जी रामजी, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण/शहरी), मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ऑपरेशन कायाकल्प, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, पौधारोपण अभियान और आईजीआरएस की प्रगति की समीक्षा की।
प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत नए कार्यों में नई सड़कों को अनावश्यक रूप से न काटने व बोर सिस्टम के माध्यम से कार्य करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों को नए जैसा करने, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत सर्वे में पात्र पाए गए लगभग 41 हजार आवासों के लक्ष्य को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिया। सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान, सीएम स्वरोजगार योजना, खादी ग्रामोद्योग योजनाओं से अधिक से अधिक युवाओं, स्वयं सहायता समूहों को जोड़ने, बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय बढ़ाने, लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण करने व लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल करने पर जोर दिया।
विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया जनता दर्शन व आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि विकास कार्यों में तेजी लाते हुए योजनाओं का वास्तविक लाभ जनमानस तक पहुंचे। बैठक में विधायक सदर पल्टूराम, कैलाश नाथ शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, डीएम विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्त, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, नगर पालिका बलरामपुर अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय व सीएमओ डॉ मुकेश रस्तोगी आदि मौजूद रहे।