फोटो-19-बलरामपुर के दारीचौरा में बच्चे को दवा पिलाते सीएमओ ।-स्रोत: विभाग
श्रीदत्तगंज। ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर शनिवार को श्रीदत्तगंज क्षेत्र के दारीचौरा में टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। शिविर में गर्भवती व नवजात के सेहत की जांच की गई। गर्भवती महिलाओं को बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक टीके लगाए गए।
श्रीदत्तगंज ब्लॉक के ग्राम दारीचौरा में ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर आयोजित शिविर का सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने निरीक्षण किया। सीएमओ ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एएनएम संध्या वर्मा ने नौ गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच कर चुकी थीं। 12 बच्चों काे नियमित टीका लगाया था। इसके साथ ही चार किशोरियों को पोषण व एनीमिया की रोकथाम एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के बारे में परामर्श दिया गया था। सीएमओ ने कहा कि किशोर अवस्था में सही जानकारी और देखभाल उनके भविष्य के स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। कहा कि सभी पात्र गर्भवती महिलाओं और बच्चों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें। किसी भी लाभार्थी को स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। सीएचसी श्रीदत्तगंज के अधीक्षक डॉ. आनंद प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि वीएचएनडी सत्र के माध्यम से टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच, पोषण संबंधी परामर्श एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सभी सत्रों की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। इस अवसर पर आशा सीमा सहित अन्य मौजूद रहे।