बलरामपुर। जिले में बड़े उद्योग लगाने के लिए उद्यमियों को सरकार की तरफ से दी जा रही सब्सिडी व अन्य रियायतों के बारे में पूरी जानकारी दी जाए। साथ ही पूर्व में किए गए एमओयू को पूरा कराने के लिए भी उद्यमियों को हर संभव स्तर पर मदद पहुंचाई जाए। इसमें किसी भी तरह की शिथिलता व लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। यह चेतावनी जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने दी। वह शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला उद्योग बंधु की बैठक में हिस्सेदारी कर रहे थे।
उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद एवं वित्त पोषण सहायता योजना में उद्योग विभाग के स्तर पर लाभार्थियों के लंबित ऋण आवेदनों पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि इन्हें प्राथमिकता पर निस्तारित कराया जाए। कहा कि अगर बैंक रोजगार स्कीम में ऋण देने में ढिलाही न बरतते हो, उनके खिलाफ भी कार्रवाई तय की जाए।
डीएम ने शिक्षुता प्रशिक्षण योजना के तहत विभिन्न ट्रेड में युवाओं को बेहतर ढंग से इनोवेटिव प्रशिक्षण प्रदान किए जाने का निर्देश भी दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजीव कुमार मौर्य, उपायुक्त राजेश कुमार पांडेय व सहायक मैनेजर अखिलेश सिंह आदि मौजूद रहे।