उतरौला/ तुलसीपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर बुधवार को उतरौला व तुलसीपुर में एसडीएम की राजनीतिक दलों के साथ बैठक हुई। सात फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। बैठक में राजनीतिक दलों से बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया गया, ताकि मतदाता सूची में वोटरों के नामों का दोहराव न हो।
उतरौला के तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी उतरौला अभय सिंह के साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बैठक की। कांग्रेस के शकील अहमद ने बाहर रोजी-रोटी सिलसिले में बाहर रहने वाले मतदाताओं के विषय में बात रखी। भाजपा के फणींद्र गुप्त ने मतदाता सूची में परिवार के नाम अलग-अलग दर्ज होने का मुद्दा उठाया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि चार नवंबर से चार दिसंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर सूची अपडेट करेंगे, फिर आपत्तियों के निस्तारण के बाद सात फरवरी को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। बैठक में केके गुप्त, राम प्रताप, मनोज कुमार, मोहित चौरसिया, नायब तहसीलदार प्रतिमा मौर्य, बीडीओ इंद्रावती, तहसीलदार वीरेंद्र प्रताप सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बीएलओ के साथ समन्वय बनाएं राजनीतिक दल
तुलसीपुर। तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी राकेश कुमार जयंत की अध्यक्षता में सभी राजनीतिक दलों, कर्मचारियों और अधिकारियों की बैठक संपन्न हुई। उप जिलाधिकारी ने कहा कि सभी राजनीतिक दल अपने-अपने बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) को जिम्मेदारी सौंपें और यह सुनिश्चित करें कि किसी व्यक्ति का नाम दोबारा सूची में न आए। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा नियुक्त बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को कार्यों की जिम्मेदारी पहले ही सौंप दी गई है, जिनसे समन्वय बनाकर काम करना आवश्यक है। बैठक में नायब तहसीलदार शिवेंद्र पटेल सहित सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और निर्वाचन संबंधी अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)