फोटो-15- कलेक्ट्रेट के पास पेड़ की टहनियों की कटाई करते विद्युत कर्मी। स्रोत विभाग
बलरामपुर। गर्मी शुरू होते ही बिजली की आंख मिचौली ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। फीडर मरम्मत व अन्य कार्यों को लेकर घंटों बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। शनिवार को हाईटेंशन तारों को छूने वाली पेड़ की टहनियों के कटाई-छंटाई के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पांच घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
विभाग ने तीन घंटे की सूचना दी थी, लेकिन इन क्षेत्रों में करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। धुसाह के विनोद, राजू, प्रहलाद व अशोक ने बताया कि दोपहर एक बजे के बाद बिजली आई है। सुबह बिजली गुल होने पर मोटर से पानी नहीं मिल पाया। ग्रिल दुकानदार इरफान व शकील ने बताया कि पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित होने से कोई काम नहीं हो पाया। दिन भर खाली हाथ बैठना पड़ा।
सात दिनों से बिजली आपूर्ति बंद, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
विद्युत उपकेंद्र महराजगंज तराई से जुड़े ग्राम भवनियापुर में बीते एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली आपूर्ति बहाल न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार विरोध प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर बिजली आपूर्ति चालू कराने की मांग की है। ग्रामीण संतोष कुमार तिवारी, स्वामीनाथ, श्रीनाथ, राम अक्षवर, शिवकुमार, प्रमोद कुमार व कमलेश कुमार ने बताया कि भवनियापुर गांव में पिछले सात दिनों से विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से पेड़ों की टहनियां सटी हुई हैं। ऐसे में दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।