बलरामपुर। उतरौला कोवताली क्षेत्र के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में 15 जुलाई को हाईटेंशन तार की वजह से हुए हादसे की जांच में एमडी पावर कॉर्पोरेशन ने माना कि घटना स्कूल भवन को छू रहे हाईटेंशन बिजली के तार की वजह से हुई है। उन्होंने कहा कि मामले उच्च स्तरीय जांच शुरू हो गई है। जांच में जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।
मंगलवार को नयानगर परिषदीय विद्यालय पहुंचे मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी संजय गोयल ने एमडी बेसिक शिक्षा देवीपाटन मंडल विनय मोहन बर्नवाल के साथ घटना के संबंध में गहन पूछताछ की। एमडी ने कहा कि स्कूल के बगल से गुजर रहा हाईटेंशन बिजली का तार ढीला होने के कारण स्कूल भवन को छू रहा था।
भवन में नमी होने के चलते करंट विद्यालय भवन में फैल गया, जिसके चपेट में बच्चे आ गए। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर क्षेत्रीय जेई प्रियदर्शी तिवारी, कुशल श्रमिक इब्ने हसन को निलंबित कर दिया गया। संविदा कर्मी गोपीनाथ शुक्ला व राजेंद्र कुमार को बर्खास्त कर दिया गया है।
घटना की उच्च स्तरीय जांच शुूरू कर दी गई है। मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। एमडी ने विद्यालय के शिक्षकों से कलमबंद बयान लिया और छात्रों की उपस्थिति पंजिका भी देखी।