बलरामपुर। जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। लो वोल्टेज और अघोषित कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। दिन-रात मिलाकर पांच से छह घंटे बिजली गुल रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर के सिविल लाइन मोहल्ले में शनिवार रात 12 बजे एक घंटे बिजली कटौती हुई। इसके बाद शाम छह बजे से कई बार 20-20 मिनट के लिए आपूर्ति बाधित हुई। भगवतीगंज और पूरबटोला विद्युत उपकेंद्र से भी निर्बाध आपूर्ति नहीं हो सकी। पिपरहवा चौराहा क्षेत्र के हरैया फीडर से जुड़े कल्यानपुर, पूरनपुर और पिपरहवा में चार दिनों से लो वोल्टेज की समस्या बनी है। वोल्टेज कम होने से पंखे, कूलर समेत अन्य उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। अवर अभियंता दयाराम सिंह ने जल्द समस्या दूर कराने की बात कही।
बलरामपुर। 11 केवी पैनल और मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के लिए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्टीम पावर हाउस की स्थापना के चलते 24 अगस्त को सुबह 11 से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इससे शहर और आसपास के कई मोहल्लों में आपूर्ति प्रभावित होगी। अधिशासी अभियंता पवन कुमार राय ने बताया कि स्थापना कार्य के कारण कटौती की जाएगी। इस दौरान एसएसबी नौवीं वाहिनी मुख्यालय, कलेक्ट्रेट, एसपी कार्यालय, विकास भवन, पुरानी तहसील, पहलवारा, श्याम विहार कॉलोनी, धुसाह, करबला, तुलसीपार्क, वीर विनय चौराहा, घास मंडी चौराहा, चौक बाजार और तिकोनिया पार्क समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। जिला महिला अस्पताल, जिला मेमोरियल अस्पताल, नगर पालिका कार्यालय, सराय फाटक, पुरैनिया तालाब, सिविल लाइंस, नीलकोठी, खमौवा और विशुनापुर के आसपास भी आपूर्ति प्रभावित होगी।
सदर ब्लॉक के सोनार गांव में नीम का पेड़ गिरने से दो बिजली के पोल टूट गए। इससे शनिवार सुबह नौ बजे से गांव के आधे हिस्से की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों ने विभागीय कर्मियों को सूचना दी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई। उपभोक्ता सलाहू, अमरेश, पवन और पंकज ने बताया कि रविवार शाम चार बजे के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। करीब 30 घंटे तक बिजली बाधित रहने से लोगों को परेशानी हुई।