गैसड़ी। उतरौला-पचपेड़वा-चंदनपुर मार्ग की पैच मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे पत्र के बाद लोक निर्माण विभाग ने 78.08 लाख रुपये की लागत से 21.15 किलोमीटर सड़क की पैच मरम्मत का प्रारंभिक आकलन तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया है।
पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू ने 29 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया कि किमी 17.700 से 38.850 तक का यह मार्ग लंबे समय से जर्जर है। हिमालय की तलहटी में स्थित क्षेत्र होने के कारण हर वर्ष बाढ़ से सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित रहता है। यह मार्ग सिद्धार्थनगर, गोंडा, अयोध्या, बस्ती, श्रावस्ती, बहराइच और प्रयागराज जैसे जिलों को जोड़ने के साथ चंदनपुर के रास्ते करीब 70 थारू जनजाति के गांवों एवं नेपाल सीमा तक पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग है। मुख्य अभियंता, देवीपाटन (गोंडा) क्षेत्र ने 18 अगस्त 2026 को प्रस्ताव मुख्य अभियंता (मुख्यालय-1), लखनऊ को भेज दिया।
प्रस्ताव के तहत 17.700 से 26.000 किमी तक 38.74 लाख रुपये तथा 26.000 से 38.850 किमी तक 39.34 लाख रुपये की लागत से पैच मरम्मत कराई जाएगी। मुख्य अभियंता इंजीनियर अखिलेश कुमार दिवाकर ने अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड बलरामपुर को अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू होने की उम्मीद है।