बलरामपुर। जिले की चार साधन सहकारी समितियों के सात वार्डों में संचालक सदस्य पद के लिए शनिवार को मतदान कराया गया। शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराने के लिए मतदेय स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मतदान के बाद हुई मतगणना में पिंटू, ज्ञान बहादुर, हारून, ननका, सुमन, अलखराम व वेदप्रकाश को निर्वाचित घोषित किया गया। 666 में से 659 वार्डों के संचालक सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
एआर कोआपरेटिव अमरेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार को ललिया सहकारी समिति के वार्ड संख्या-चार बलदेवनगर में चंपा कली व ननका के बीच मतदान कराया गया। ननका को 27 एवं चंपा कली को 22 मत मिले। ललिया समिति के वार्ड-पांच बसंतपुर में अलखराम व राम दुलारे के बीच चुनाव हुआ। अलखराम को 28 एवं राम दुलारे को 17 मत प्राप्त हुए। एक वोट निरस्त कर दिया गया। इसी समिति के वार्ड नंबर-आठ ललिया उत्तरी में अक्षय कुमारी व वेदप्रकाश के बीच चुनाव हुआ। वेदप्रकाश को जहां 35 वोट मिले, वहीं अक्षय कुमारी को मात्र 21 मत प्राप्त हुए। वार्ड संख्या-9 ललिया दक्षिणी में पप्पू व सुमन के बीच चुनाव कराया गया। पप्पू के 15 वोटों के मुकाबले सुमन ने 61 मत प्राप्त कर जीत हासिल की।
वीरपुर कला सहकारी समिति के वार्ड संख्या-चार भैरिया में पिंटू जायसवाल व महमूद आलम के बीच मतदान कराया गया। यहां पिंटू जायसवाल को 34 एवं महमूद आलम को 26 मत प्राप्त हुए। लालपुर विशुनपुर सहकारी समिति के वार्ड संख्या-एक अहलादनगर में निर्मल कुमार और ज्ञान बहादुर के बीच चुनाव हुआ। ज्ञान बहादुर को 10 एवं निर्मल कुमार को मात्र पांच वोट मिले। इसी तरह कौवापुर सहकारी समिति के वार्ड संख्या-तीन जयनगरा में हारून, आशीष तिवारी एवं अब्दुल माबूद के बीच चुनाव हुआ। चुनाव में अब्दुल माबूद खाता भी नहीं खोल सके। हारून को 53 तथा आशीष तिवारी को 34 वोट मिले।
एआर कोआपरेटिव ने बताया कि जिले की 74 सहकारी समितियों में कुल 666 वार्ड हैं। इनमें से 659 में एकल नामांकन के कारण यहां पहले ही संचालक सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।