बलरामपुर के एसएसबी मुख्यालय पर फुटबाल खेलते खिलाड़ी।-स्रोत: एसएसबी
बलरामपुर। सदर ब्लॉक के पीलीभीत गांव में स्थित एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) 9वीं वाहिनी मुख्यालय पर तीन दिवसीय अंतर क्षेत्रक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। दूसरे दिन मंगलवार को फुटबॉल प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें आठ टीमों ने दमखम दिखाया।
द्वितीय कमान अधिकारी ऋषिपाल सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कहा कि एसएसबी जवानों को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाता है। फुटबॉल प्रतियोगिता का पहला मैच तृतीय वाहिनी लखीमपुर खीरी व 59वीं वाहिनी नानपारा के बीच खेल गया, जिसमें लखीमपुर की टीम विजेता रही।
दूसरा मैच 62वीं वाहिनी भिनगा व 42वीं वाहिनी बहराइच के बीच हुआ, जिसमें भिनगा विजेता बनी। तीसरा मैच 43वीं वाहिनी सिद्धार्थनगर व चतुर्थ वाहिनी लखनऊ के बीच हुआ, जिसमें 43वीं वाहिनी विजयी रही।
चौथा मैच 9वीं वाहिनी बलरामपुर एवं 50वीं वाहिनी बलरामपुर के बीच खेला गया, जिसमें 9वीं वाहिनी ने जीत दर्ज की। अंतिम दिन 20 नवंबर को प्रतियोगिता का समापन होने के बाद विजयी टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।