फोटो-38- नगर पालिका सभागार में व्यापारियों के साथ बैठक करते अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह। स्रोत
बलरामपुर। झारखंडी रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण से व्यापारियों की चिंता को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने व्यापारियों के साथ बैठक की। ओवरब्रिज निर्माण में सड़क के दोनों तरफ हो रही नपाई और उससे प्रभावित दुकान और आवास को कम नुकसान पहुंचे इसपर चर्चा की गई।
बैठक में व्यापारियों ने ओवरब्रिज निर्माण से रोजगार और आशियाने पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर अपनी चिंताएं नगर पालिका अध्यक्ष के सामने रखीं। अध्यक्ष ने सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों से वार्ता की और कहाकि किसी भी प्रकार का अंतिम निर्णय लेने से पहले प्रभावित व्यापारियों और नागरिकों के साथ दोबारा समन्वय बैठक की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और कार्यदायी संस्था स्थानीय लोगों की सहमति के बिना कोई कदम न उठाए। अध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन किसी का अहित कर कोई फैसला न लिया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित और व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए वह हर स्तर पर प्रयास करेंगे। बैठक में जिला अध्यक्ष व्यापार मंडल रमेश पाहवा व नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा सहित तमाम व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।